राज्य
11-May-2026


सहारनपुर (ईएमएस)। यूपी के सहारनपुर जिले के नानौता कस्बे की नाइयों वाली गली में गर्भवती महिला की उसके ही देवर ने हत्या कर दी। हत्या करने के बाद आरोपी युवक हाथ में एक घंटे तक फावड़ा लेकर शव के पास खड़ा रहा, लेकिन पुलिस उसके पास जाने की हिम्मत तक नहीं जुटा पाई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लोग लगातार आरोपी को समझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन वह हाथ में फावड़ा लिए आक्रामक होकर शव के पास खड़ा रहा। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी शुरू से ही परिवार में हुए प्रेम विवाह का विरोध करता था। शादी के बाद से वह इस रिश्ते को लेकर नाराज चल रहा था। हालांकि, बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि यदि उसकी नाराजगी अपने भाई से थी तो उसने हमला अपनी गर्भवती भाभी पर क्यों किया। मृतका की मां का आरोप है कि सना के गले पर कट के निशान हैं और पेट का कुछ हिस्सा जला हुआ है। पिता आशिक का आरोप है कि सना की हत्या में सभी ससुराल वाले शामिल हैं। हत्या के बाद सास और ननद पहले ही प्लानिंग के तहत कहीं चली गई थीं और पति भी साजिश के तहत ही थाने पहुंचा है। वह अपने भाई को मोहरा बनाकर पूरे परिवार को बचाने की कोशिश कर रहा है। विवरण के मुताबिक नानौता में नाइयों वाली गली में बीती रात आठ बजे प्रेम विवाह के कारण नाराज देवर आमिर ने अपनी गर्भवती भाभी सना नाज (23) की हत्या कर दी। सना नाज के गले पर धारदार हथियार के वार के निशान मिले। शरीर पर जगह-जगह जले होने के भी निशान मिले हैं। हत्या के बाद आरोपी काफी देर तक शव के पास फावड़ा लेकर खड़ा रहा और पुलिस सहित किसी को भी अंदर प्रवेश नहीं करने दिया। किसी तरह उसे पकड़ा गया। महिला के पति और देवर को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। जितेन्द्र 11 मई 2026