झांसी (ईएमएस)। यूपी के झांसी में महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज के पास होटल रॉयल इन के कमरे में प्रेमी युगल ने जहर निगल लिया। अचेत हाल में पुलिस ने उन दोनों को मेडिकल अस्पताल भिजवाया। कुछ देर बाद ही दोनों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार मूल रूप से टहरौली के खिलवारी गांव निवासी युवराज यादव (23) बीए पास करने के बाद एसएससी परीक्षा की तैयारी करता था। परिजनों के मुताबिक पड़ोस में ही भारती (35) उर्फ सिम्मी भी रहती थी। पुलिस के मुताबिक सिम्मी काम के बहाने घर से निकली थी जबकि युवराज लाइब्रेरी जाने की बात कहकर निकला। सुबह करीब दस बजे दोनों एक साथ रॉयल इन होटल पहुंचे। उन दोनों ने होटल का कमरा नंबर 205 बुक कराया। करीब दो घंटे बाद जब होटल कर्मचारियों ने रूम सर्विस के लिए दरवाजा खटखटाया तो कोई जवाब नहीं मिला। उन लोगों ने पुलिस को सूचना दी। थोड़ी देर में नवाबाद पुलिस जा पहुंची। कमरा खुलवाने पर दोनों ही बिस्तर पर अचेत हाल में पड़े थे। उन दोनों के मुंह से झाग निकल रहा था। मेडिकल अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने भी जहर निगलने की पुष्टि की। सीओ सिटी लक्ष्मीकांत गौतम का कहना है कि अभी तक जांच पड़ताल में प्रेम प्रसंग की बात सामने आई है। कुछ घंटे बाद परिजन भी वहां पहुंच गए। दोनों के परिजन उनके बीच के संबंध की जानकारी से इन्कार कर रहे हैं। जितेन्द्र 11 मई 2026