राज्य
11-May-2026


कन्नौज (ईएमएस)। यूपी के कन्नाज जिले की तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के अलीनगर बाईपास के पास बीती देर रात एक सराफा व्यापारी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क किनारे मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को राजकीय मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी भिजवाया। मृतक की पहचान कस्बा के सुभाष नगर निवासी मनोज यादव (40) के रूप में हुई है, जो उमरायपुरवा गांव में सराफे की दुकान चलाते थे। बताया जाता है कि बीती देर शाम वह दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान अलीनगर अंडरपास के पास सड़क किनारे शव पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को मोर्चरी भिजवाया और परिजनों को सूचना दी। मृतक के बड़े भाई पिंटू ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है। उनका आरोप है कि मनोज की गर्दन पर धारदार तार से घाव है। इसके साथ ही सर के पीछे भी धारदार हथियार के हमले से घाव है, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। जितेन्द्र 11 मई 2026