इन्दौर (ईएमएस) जींस पहनने पर सास के डांटने से आहत बहू ने फांसी लगाकर जान दे दी। मामला द्वारकापुरी थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार मृतक महिला का नाम गौरी (22) पति राहुल उम्र बावीस वर्ष है। घटना का पता आज दोपहर तब चला जब उसकी छोटी बेटी रो रही थी तो पति राहुल ने पत्नी गौरी को आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला तो राहुल कमरे में पहुंचा जहां गौरी फंदे पर लटकी मिली। मामले में बहू के मायके पक्ष ने पति और सास पर प्रताड़ना, दहेज के ताने और मानसिक दबाव बनाने के आरोप लगाए हैं। गौरी के सास-ससुर गोपुर इलाके में मंदिर के पास प्रसाद और हार-फूल की दुकान लगाते हैं। मायके पक्ष का आरोप है कि शादी तय करते समय राहुल के परिवार ने कहा था कि वह मेडिकल लाइन में काम करता है, लेकिन शादी के बाद पता चला कि राहुल कोई नौकरी नहीं करता। इसी बात को लेकर भी उनमें तनाव बना रहता था। गौरी के मायके वालों ने पुलिस को बताया कि गौरी ने पहली बार ससुराल में जींस पहनी। इसी बात को लेकर उसकी सास शारदा नाराज हो गईं। गौरी की बहन पूजा ने बताया कि उनकी चचेरी बहन किरण भी उस समय घर पर मौजूद थी, जो पिछले एक महीने से गौरी के साथ रह रही थी। पूजा के अनुसार जैसे ही गौरी जींस पहनकर बाहर आई, सास शारदा वहां पहुंचीं और उसे डांटने लगीं। इस दौरान सास ने राहुल को भी बुरा-भला कहा। इसके बाद आहत गौरी अपने कमरे में चली गई। और यह कदम उठाया। मायके पक्ष के लोगों ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही गौरी को प्रताड़ित किया जा रहा था। परिवार का कहना है कि पति राहुल और सास शारदा उसे दहेज को लेकर ताने मारते थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राहुल लंबे समय से कोई काम नहीं कर रहा था, जिससे घर में अक्सर विवाद होते थे। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम हेतु भिजवा कार्रवाई शुरू कर दी है आनंद पुरोहित/ 11 मई 2026