कोलकाता (ईएमएस)। पश्चिम बंगाल में नई सरकार के गठन के साथ ही प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव देखने को मिला है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी सरकार ने वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मनोज अग्रवाल को प्रदेश का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया है। इस संबंध में सोमवार को आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के रूप में कार्य कर रहे मनोज अग्रवाल अब प्रदेश की नौकरशाही की सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभालेंगे। पश्चिम बंगाल संवर्ग के 1990 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी मनोज अग्रवाल लंबे समय से प्रशासनिक कार्यों में सक्रिय रहे हैं और चुनावी प्रक्रिया के दौरान भी उनकी भूमिका काफी अहम मानी गई। विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने विशेष पुनरीक्षण प्रक्रिया का नेतृत्व किया था, जिसके दौरान मतदाता सूची में व्यापक बदलाव किए गए थे। इसी अनुभव को देखते हुए नई सरकार ने उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें प्रदेश का सर्वोच्च प्रशासनिक पद सौंपा है। सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार मौजूदा मुख्य सचिव दुष्यंत नारियाला को नई दिल्ली में प्रदेश का प्रधान आवासीय आयुक्त नियुक्त किया गया है। दुष्यंत नारियाला 1993 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी हैं। सुबोध/११-०५-२०२६