नई दिल्ली (ईएमएस)। केरल में विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की शानदार जीत दर्ज करने के बाद मुख्यमंत्री पद को लेकर बना सस्पेंस अब जल्द खत्म हो सकता है। कांग्रेस नेतृत्व अगले 1 दिन के भीतर नए मुख्यमंत्री के नाम का औपचारिक ऐलान कर सकता है। सूत्रों के मुताबिक कल शाम तक अंतिम फैसला सामने आ सकता है, जबकि इसके बाद गुरुवार को शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किए जाने की संभावना जताई जा रही है। कांग्रेस गठबंधन को विधानसभा चुनाव में स्पष्ट बहुमत मिलने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर बना हुआ है। कई दिनों से जारी बैठकों और मंथन के बीच अब पार्टी नेतृत्व अंतिम निर्णय के करीब पहुंचता दिखाई दे रहा है। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोमवार को मुख्यमंत्री पद को लेकर विस्तृत चर्चा की। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी ने इस विषय पर प्रियंका गांधी वाड्रा से भी राय ली है। साथ ही गठबंधन में शामिल सहयोगी दलों से भी परामर्श का दौर जारी है। इसी बीच पार्टी उच्च नेतृत्व ने राज्य के कई वरिष्ठ नेताओं को नई दिल्ली बुलाया है। इनमें के सुधाकरन, के मुरलीधरन, एम एम हसन और तिरुवरूर राधाकृष्णन जैसे वरिष्ठ नेताओं के नाम शामिल बताए जा रहे हैं। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि के सी वेणुगोपाल मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे चल रहे हैं। हालांकि कांग्रेस नेतृत्व आधिकारिक घोषणा से पहले सभी पक्षों को साथ लेकर चलने की रणनीति पर काम कर रहा है। अब सबकी निगाहें दिल्ली में होने वाली अंतिम बैठक पर टिकी हैं, जहां से केरल के अगले मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लग सकती है। सुबोध/११-०५-२०२६