पुदुचेरी (ईएमएस)। पुदुचेरी की राजनीति से बड़ी खबर सामने आई है। द्रविड़ मुनेत्र कड़गम ने विधानसभा में अपने विधायक दल के नेता के नाम का औपचारिक ऐलान कर दिया है। पार्टी ने वरिष्ठ नेता ए एम एच नजीम को विधायक दल का नेता नियुक्त किया है, जबकि आर सेंथिल कुमार को उपनेता की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह फैसला सोमवार को आयोजित पार्टी की उच्चस्तरीय बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता पुदुचेरी द्रविड़ मुनेत्र कड़गम के प्रचार सचिव और लोकसभा सदस्य एस जगतरक्षकन ने की। बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने आगामी राजनीतिक रणनीति और विधानसभा के भीतर विपक्ष की भूमिका को लेकर भी चर्चा की। पार्टी की ओर से जारी आधिकारिक बयान में बताया गया कि दोनों नेताओं की नियुक्ति सर्वसम्मति से की गई है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि ये दोनों नेता विधानसभा के भीतर प्रभावी तरीके से जनता की आवाज उठाएंगे। पुदुचेरी की कुल 30 विधानसभा सीटों में द्रविड़ मुनेत्र कड़गम ने इस बार 5 सीटों पर जीत दर्ज की है। नजीम ने कारैकाल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से शानदार जीत हासिल की। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 5862 मतों के अंतर से हराया। वहीं आर सेंथिल कुमार ने बहूर विधानसभा क्षेत्र से जीत दर्ज करते हुए 10520 मत हासिल किए। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी को 2397 मतों से पराजित किया। गौरतलब है कि पुदुचेरी विधानसभा के लिए मतदान 9 अप्रैल को हुआ था, जबकि मतगणना 4 मई को संपन्न हुई। चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ने सरकार बनाने लायक बहुमत हासिल किया है, जबकि द्रविड़ मुनेत्र कड़गम अब विपक्ष की भूमिका निभाएगी। सुबोध/११-०५-२०२६