राष्ट्रीय
11-May-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। महाराष्ट्र के नासिक से जुड़े चर्चित प्रकरण में राष्ट्रीय महिला आयोग ने राज्य सरकार को 50 पन्नों की विस्तृत जांच रिपोर्ट सौंप दी है। यह रिपोर्ट मुख्यमंत्री को सौंपे जाने के बाद प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। रिपोर्ट में कार्यस्थल के माहौल को बेहद विषाक्त, असुरक्षित और महिला कर्मचारियों के लिए चिंताजनक बताया गया है। आयोग की जांच में सामने आया है कि कई महिला कर्मचारियों ने यौन उत्पीड़न, मानसिक प्रताड़ना, दबाव और धार्मिक अपमान जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि कुछ प्रभावशाली कर्मचारियों के खिलाफ लंबे समय तक शिकायतें सामने आती रहीं, लेकिन पीड़ितों को उचित सुरक्षा और न्याय नहीं मिल सका। जांच के दौरान दानिश, तौसीफ और रजा मेमन जैसे नाम प्रमुख रूप से सामने आए हैं। आरोप है कि इन लोगों ने कार्यालय का माहौल भय और दबाव से भर दिया था, जिसके कारण कई कर्मचारी खुलकर शिकायत दर्ज कराने से डरते रहे। महिला आयोग ने संस्था की आंतरिक शिकायत समिति की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। रिपोर्ट के अनुसार समिति पीड़ित महिलाओं के प्रति संवेदनशीलता दिखाने में पूरी तरह विफल रही और महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों का पालन लगभग नगण्य पाया गया। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि नासिक इकाई में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कमजोर थी। कई निगरानी उपकरण खराब पाए गए और सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर कमी देखी गई। आयोग ने इसे प्रशासनिक व्यवस्था की बड़ी विफलता बताया है। महिला आयोग ने राज्य सरकार से आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई, पीड़ितों को सुरक्षा और गवाहों की विशेष सुरक्षा सुनिश्चित करने की सिफारिश की है। सुबोध/११-०५-२०२६