कोलकाता (ईएमएस)। पश्चिम बंगाल में नई सरकार के गठन के बाद अब शासन व्यवस्था को गति देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने नवगठित मंत्रिमंडल के सदस्यों के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया है। सोमवार को हुई महत्वपूर्ण बैठक में मुख्यमंत्री ने शपथ लेने वाले मंत्रियों को अलग-अलग विभागों की जिम्मेदारी सौंपी, जिसके बाद राज्य सरकार का कामकाज औपचारिक रूप से शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ नेता दिलीप घोष को पंचायत एवं ग्रामीण विकास, पशु संसाधन विकास तथा कृषि विपणन जैसे अहम विभाग सौंपे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने की बड़ी जिम्मेदारी अब उनके कंधों पर होगी। वहीं अग्निमित्रा पॉल को महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण तथा नगरपालिका कार्य विभाग दिया गया है। सरकार ने महिलाओं, बच्चों और शहरी विकास से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है। मंत्रिमंडल में अशोक कीर्तनिया को खाद्य एवं आपूर्ति तथा सहकारिता विभाग दिया गया है। इसके साथ ही खुदीराम टुडू को जनजातीय विकास, पिछड़ा वर्ग कल्याण, अल्पसंख्यक मामले और मदरसा शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी मिली है। वहीं निशिथ प्रमाणिक को उत्तर बंगाल विकास, युवा सेवा और खेल विभाग सौंपा गया है। राजनीतिक बदलाव के बाद हुए इस मंत्रालय बंटवारे को नई सरकार की प्राथमिकताओं से जोड़कर देखा जा रहा है। हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव के बाद 9 मई 2026 को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पद की शपथ ली थी। अब मंत्रियों के बीच विभागों के बंटवारे के साथ राज्य में नई सरकार पूरी तरह सक्रिय हो गई है। सुबोध/११-०५-२०२६