राष्ट्रीय
11-May-2026


* सरदारधाम-3 का लोकार्पण करेंगे प्रधानमंत्री, 15 थीम आधारित मंचों से दिखी देश की सांस्कृतिक झलक वडोदरा (ईएमएस)| प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज गुजरात दौरे पर वडोदरा पहुंचे। वे सोमनाथ मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा के 75 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित ‘सोमनाथ अमृत महोत्सव’ में भाग लेने आए हैं। प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर पूरे वडोदरा शहर में उत्साह का माहौल है। रोड शो को ऐतिहासिक और भव्य बनाने के लिए पूरे रूट पर 15 थीम आधारित मंच तैयार किए गए हैं। इन मंचों के माध्यम से देश के विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक झांकियां और लोककलाओं का प्रदर्शन किया जाएगा, जिससे कार्यक्रम में राष्ट्रीय एकता की अनूठी छाप देखने को मिली| हाल ही में पश्चिम बंगाल में मिली राजनीतिक जीत के बाद प्रधानमंत्री मोदी पहली बार गुजरात पहुंचे हैं। इसी कारण रोड शो की थीम में बंगाल की संस्कृति और परंपराओं को भी विशेष रूप से शामिल किया गया है। पूरे मार्ग को आकर्षक लाइटिंग, पोस्टर-बैनर और सजावट से उत्सवी स्वरूप दिया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए रोड के दोनों ओर तीन स्तरीय बैरिकेडिंग की गई है। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ऑपरेशन सिंदूर के बाद मई 2025 में वडोदरा आए थे, जबकि उनकी पिछली गुजरात यात्रा 31 मार्च 2026 को हुई थी। आज के रोड शो और कार्यक्रमों को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और नागरिकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। सतीश/11 मई