अमेरिकी का प्लानिंग पर हो रही चर्चा वॉशिंगटन(ईएमएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की आगामी चीन यात्रा से ठीक पहले वाशिंगटन में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। एक ओर राष्ट्रपति 13 से 15 मई को बीजिंग के दौरे पर जाने वाले हैं, वहीं दूसरी ओर अमेरिकी सीनेट में दोनों पार्टियों के सांसदों ने एक संयुक्त प्रस्ताव पेश किया है। इस प्रस्ताव में चीन को अमेरिका का सबसे बड़ा प्रतिद्वंद्वी और वैश्विक सुरक्षा के लिए प्रमुख खतरा घोषित किया गया है। सीनेट में कहा गया कि चीन न केवल अमेरिका और उसके सहयोगियों के आर्थिक हितों को नुकसान पहुंचा रहा है, बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और क्वांटम कंप्यूटिंग जैसी भविष्य की तकनीकों में अमेरिका को पीछे छोड़ने की हरसंभव कोशिश कर रहा है। अमेरिकी सांसदों ने विशेष रूप से इंडो-पैसिफिक क्षेत्र और ताइवान जलडमरूमध्य में चीन की बढ़ती सैन्य गतिविधियों पर चिंता जताई है। वहीं, बीजिंग इस यात्रा को अपने हितों के लिए इस्तेमाल करना चाहता है। रिपोर्टों के अनुसार, चीन चाहता है कि अमेरिका उन्नत सेमीकंडक्टर्स के निर्यात पर लगे प्रतिबंधों में ढील दे। बदले में, अमेरिका की नजर चीन के रेयर अर्थ खनिजों पर है, जो अमेरिकी तकनीकी उद्योग के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। इस शिखर सम्मेलन का एक मुख्य एजेंडा मिडिल ईस्ट में जारी तनाव भी है। अमेरिकी ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेन्ट के अनुसार, ट्रंप और चीनी नेतृत्व के बीच ईरान युद्ध और अंतरराष्ट्रीय शिपिंग के लिए स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज को सुरक्षित खोलने पर गंभीर चर्चा होगी। अमेरिका चाहता है कि चीन इस अंतरराष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भूमिका निभाए। हालांकि, ताइवान का मुद्दा अभी भी दोनों देशों के बीच सबसे बड़ा गतिरोध बना हुआ है। चीनी विदेश मंत्री वांग यी ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के साथ बातचीत में स्पष्ट किया कि ताइवान उनके लिए संप्रभुता का सवाल है, जबकि ताइवान ने चीन के दावों को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि उसके भविष्य का फैसला वहां की जनता ही करेगी। राष्ट्रपति ट्रंप के पहुंचने से पहले बीजिंग की सड़कों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम देखे जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों में अमेरिकी राष्ट्रपति का विशेष काफिला और भारी-भरकम एसयूवी नजर आ रही हैं। दुनिया भर की नजरें अब 14 मई को होने वाले इस अमेरिका-चीन शिखर सम्मेलन पर टिकी हैं, क्योंकि इसके नतीजे वैश्विक अर्थव्यवस्था और सामरिक संतुलन को प्रभावित कर सकते हैं। वीरेंद्र/ईएमएस 12 मई 2026