क्षेत्रीय
12-May-2026
...


- गलत सीमांकन का लगाया आरोप कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिलान्तर्गत करतला थाना क्षेत्र के ग्राम नोनबिर्रा में गलत सीमांकन का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों आरआई-पटवारी को दो घंटे तक बंधक बनाए रखा। मामले में पटवारी की शिकायत पर बंधक बनाने वाले 4 ग्रामीणों के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार पहले तो जमीन सीमांकन के दौरान जमकर बवाल हुआ। इसके बाद पैसा लेकर गलत सीमांकन का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने आरआई और हलका पटवारी को लगभग दो घंटे तक कार में बंधक बनाकर रखा। इसके पहले विवाद के दौरान एक ग्रामीण ने तो रस्सी लेकर खुदकुशी करने की धमकी तक दे डाली थी। प्रार्थी हलका नोनबिर्रा पटवारी ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पटवारी ने बताया कि न्यायालय नायब तहसीलदार करतला के आदेश पर राजस्व निरीक्षक के साथ ग्राम नोनबिर्रा के बनियापारा में आवेदक की भूमि का सीमांकन करने पहुंचे थे। विधिवत सूचना के बाद मौके पर खसरा के सभी बटांकन की नाप कर आवेदक को जानकारी दी गई। लेकिन इसके बाद ग्रामीण (एक ही परिवार के सदस्य) विवाद करने लगे। मामले में चार व्यक्ति के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज किया गया है। - 12 मई