- 30 फीसदी तक अपसाइड के साथ कई नई एसयूवी-ईवीएस पाइपलाइन में नई दिल्ली (ईंएमएस)। हुंडई मोटर इंडिया (एचएमआईएल) का शेयर करीब 3 फीसदी उछलकर 1,907 पर पहुंच गया। कंपनी के मजबूत एसयूवी पोर्टफोलियो और आगामी मॉडल लॉन्च योजनाओं को देखते हुए ब्रोकरेज हाउसेज ने इसमें जोरदार तेजी की उम्मीद जताई है। मार्च तिमाही में एचएमआईएल की आय 5 फीसदी बढ़कर 189.2 रुपए अरब रही, जिसमें घरेलू बिक्री और निर्यात दोनों में करीब 9 फीसदी की वृद्धि हुई। कच्चे माल व नए प्लांट की शुरुआती लागत से मार्जिन दबाव में रहा, लेकिन अन्य आय ने मुनाफे को अनुमान से बेहतर बनाए रखा। कंपनी अगले कुछ सालों में एक नई मिड-साइज एसयूवी और कॉम्पैक्ट इलेक्ट्रिक एसयूवी समेत कई मॉडल लॉन्च करेगी। वित्त वर्ष 26 में कुल घरेलू बिक्री में एसयूवी की हिस्सेदारी 68 फीसदी रही, जो प्रीमियम सेगमेंट पर उसके मजबूत फोकस को दर्शाती है। इस सकारात्मक आउटलुक के कारण, मोतीलाल ओसवाल, नुवामा और आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज जैसे ब्रोकरेज ने एचएमआईएल पर बाय रेटिंग बरकरार रखी है। नुवामा ने 2,400 रुपए (मौजूदा भाव से 30 फीसदी ऊपर) का लक्ष्य दिया है। ब्रोकरेज का मानना है कि नए मॉडल एसयूवी में मजबूत पकड़ और निर्यात कारोबार कंपनी की भविष्य की ग्रोथ को गति देंगे। सतीश मोरे/12मई ---