क्षेत्रीय
12-May-2026


ग्वालियर ( ईएमएस ) | मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा उपभोक्ताओं की बिजली संबंधी समस्याओं व शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए 14 मई से संपर्क अभियान-2026 शुरू किया जा रहा है। इस अभियान के तहत 14 मई को शहर वृत्त ग्वालियर में 22 स्थानों पर शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में उपभोक्ताओं को बिजली संबंधी विभिन्न सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी। महाप्रबंधक शहर वृत्त ग्वालियर संदीप कालरा ने बताया कि अभियान का उद्देश्य उपभोक्ताओं से सीधा संवाद स्थापित कर उन्हें त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराना और उपभोक्ता संतुष्टि बढ़ाना है। महाप्रबंधक श्री कालरा ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे शिविरों में पहुंचकर अपनी शिकायतों का निराकरण कराएं और कंपनी की योजनाओं का लाभ उठाएं। अभियान से संबंधित जानकारी के लिए उपभोक्ता नजदीकी बिजली वितरण केंद्र, जोन कार्यालय अथवा कॉल सेंटर के टोल फ्री नंबर 1912 पर संपर्क कर सकते हैं। मात्र 5 रुपये में मिलेगा नया कनेक्शन शिविरों में त्रुटिपूर्ण बिल, मीटर रीडिंग और अन्य बिलिंग संबंधी शिकायतों का तत्काल निराकरण किया जाएगा। इसके साथ ही मात्र 5 रुपये में नए ग्रामीण घरेलू एवं कृषि पंप कनेक्शन दिए जाएंगे। ये सेवाएं मिलेंगी शिविरों में शिविरों में भार वृद्धि, नाम परिवर्तन, श्रेणी परिवर्तन, स्थायी कनेक्शन विच्छेदन, अस्थायी कनेक्शन, ई-केवायसी, एनओसी, खराब मीटर बदलना, स्मार्ट मीटर संबंधी शिकायतों का निराकरण, सर्विस केबल सुधार, वोल्टेज एवं ट्रांसफार्मर संबंधी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। उपभोक्ता बिजली बिलों का आंशिक एवं पूर्ण भुगतान भी कर सकेंगे। साथ ही अग्रिम भुगतान छूट, समाधान योजना और अन्य जनहितैषी योजनाओं की जानकारी एवं लाभ भी दिए जाएंगे।