गुना (ईएमएस)।शहर के कैंट थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ एक अधिवक्ता को गौतस्करों की जमानत कराना भारी पड़ गया. खुद को गौसेवक बताने वाले एक युवक ने न केवल वकील और पूरे अधिवक्ता समुदाय के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी की, बल्कि फोन पर जान से मारने की धमकी भी दे डाली. फेसबुक पर पोस्ट लिखकर निकाला गुस्सा त्रिमूर्ति कॉलोनी निवासी अधिवक्ता आकाश शर्मा ने पुलिस को शिकायती आवेदन देकर बताया कि उन्होंने हाल ही में जिला न्यायालय से गौ-वंश हत्या के आरोपी इरशाद कुरैशी और उसके साथियों की जमानत कराई थी. इसी बात से नाराज होकर मोनू ओझा नामक व्यक्ति ने अपनी फेसबुक आईडी पर वकील और उनके परिवार के खिलाफ बेहद अशोभनीय और अभद्र टिप्पणियां पोस्ट कर दीं. मेरी पकड़ भोपाल तक है... आरोप है कि जब अधिवक्ता ने फोन कर पोस्ट का विरोध किया, तो मोनू ओझा ने गाली-गलौज करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी. आरोपी ने रौब झाड़ते हुए कहा कि उस पर पहले से 8 केस चल रहे हैं और उसकी पकड़ भोपाल तक है, इसलिए गुना पुलिस उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकती. उसने वकील को चेतावनी दी कि अगर कहीं मिल गए तो वह उन्हें वकालत करना भुला देगा. फिलहाल, कैंट पुलिस ने आवेदन लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. इस घटना से स्थानीय वकीलों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है. -सीताराम नाटानी