कोरबा (ईएमएस) जानकारी के अनुसार कोरबा-पश्चिम क्षेत्रान्तर्गत बांकीमोंगरा में विगत लगभग 25 सालो से डेली मार्केट का संचालन हो रहा है। तबसे सब्जी विक्रेताओं की जीविकोपार्जन डेली मार्केट से हो रही है। बताया जा रहा हैं की डेली मार्केट का पुन: निर्माण कराने की जानकारी देकर नगर पालिका ने सब्जी विक्रेताओं को नोटिस थमाया है। व्यवसायियों को नोटिस थमाने पर जवाब व स्पष्टीकरण की मांग संबंधी ज्ञापन नगर पालिका सीएमओ को सौंपा गया है। व्यवसायियों के हित को ध्यान में रखकर सकारात्मक पहल नहीं करने पर सब्जी विक्रेताओं को साथ में लेकर 12 मई को नगर पालिका दफ्तर का घेराव करने की घोषणा भागवत विश्वकर्मा ने की थी, भाजपा नेता भागवत विश्वकर्मा दोपहर लगभग 3:00 बजे नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा का घेराव करने डेली मार्केट व्यवसायियों के साथ पहुंचे। तद्पश्चात लगभग 1 घंटा मेन गेट पर महिला एवं पुरुषों के साथ धरने पर बैठे रहे। जानकारी के अनुसार नगर पालिका प्रशासन ने चर्चा हेतु एक प्रतिनिधि मंडल को बुलाया, परंतु चर्चा पर सहमति नहीं बनी। नाराज होकर आंदोलनकारी बाहर निकले, फिलहाल धरना समाप्त हो गया है। लेकिन भाजपा नेता भागवत विश्वकर्मा ने मामले का समुचित समाधान नहीं होने पर कड़ी आंदोलन की बात कही है। 12 मई / मित्तल