बिलासपुर (ईएमएस)। छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने सोमवार को बिलासपुर में एक ऐसा उदाहरण पेश किया, जिसकी चर्चा अब हर तरफ हो रही है। वीआईपी संस्कृति से अलग हटते हुए वे सीधे आरटीओ दफ्तर पहुंचे और आम नागरिकों की तरह कतार में खड़े होकर अपना ड्राइविंग लाइसेंस नवीनीकरण कराया। बिलासपुर प्रवास के दौरान लगरा स्थित क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय में पहुंचकर उन्होंने बिना किसी विशेष सुविधा के पूरी प्रक्रिया अपनाई। फोटो खिंचवाने से लेकर डिजिटल सिग्नेचर तक, हर चरण में उन्होंने अपनी बारी का इंतजार किया। मौजूद अधिकारियों ने उन्हें सुविधा देने की कोशिश भी की, लेकिन उन्होंने विनम्रता से मना करते हुए साफ कर दिया कि वे सामान्य नागरिक की तरह ही प्रक्रिया पूरी करेंगे। काम पूरा होने के बाद उन्होंने आरटीओ के अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार जताया। इस पूरे अनुभव को उन्होंने सोशल मीडिया पर भी साझा करते हुए लिखा कि एक जागरूक नागरिक के रूप में नियमों का पालन करना और दस्तावेजों को समय पर अपडेट रखना सभी की जिम्मेदारी है। डॉ. महंत की इस सादगी और व्यवहार की सोशल मीडिया पर जमकर सराहना हो रही है। लोग इसे एक सकारात्मक संदेश के रूप में देख रहे हैं, जहां एक वरिष्ठ जनप्रतिनिधि ने खुद नियमों का पालन कर आम जनता के सामने उदाहरण पेश किया है। - 12 मई 2026