क्षेत्रीय
12-May-2026
...


मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई के पश्चिमी उपनगर अँधेरी के अंबोली इलाके में मीरा रोड की रहने वाली ब्यूटी पार्लर संचालिका मनाली सुखदरे (42) की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में उनके दोस्त अमोल महिरे को घटना के महज दो घंटे के भीतर घाटकोपर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ 9 मई को मामला दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार, मनाली की छोटी भाभी भारती सावंत ने शिकायत दर्ज कराई है। मनाली ने 7 मई को भारती को फोन कर बताया था कि उन्हें रत्नागिरी जिले के साखरपा में शादी के मेकअप का ऑर्डर मिला है। 9 मई की सुबह अंधेरी से ट्रेन होने के कारण वह 8 मई की रात अंबोली स्थित घर पर रुकने आने वाली थीं। लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर भारती ने उन्हें फोन किया। तब मनाली ने बताया कि वह मीरा रोड से निकल चुकी हैं। इसके बाद उनका संपर्क टूट गया। रात में चॉल में रहने वाली कल्पना पोवल ने भारती को फोन कर बताया कि मनाली घायल अवस्था में खून से लथपथ पड़ी हैं। सूचना मिलते ही भारती, उनके पति और बेटी मौके पर पहुंचे। वहां मनाली के पास खून से सना चाकू पड़ा मिला। उन्हें तुरंत कूपर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान 9 मई को डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जांच में सामने आया कि आरोपी अमोल महिरे ने पहले अपनी मां के साथ भी मारपीट की थी और जान से मारने की धमकी दी थी। अंबोली पुलिस स्टेशन के निरीक्षक वसंत देवकाते के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तकनीकी जांच शुरू की और केवल दो घंटे में आरोपी को घाटकोपर से पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक, वह फरार होने की तैयारी में था। संजय/संतोष झा- १२ मई/२०२६/ईएमएस