- 16 जून से शुरु होगी मतगणना जबलपुर (ईएमएस)। मध्य प्रदेश के सवा लाख से अधिक वकीलों का पंजीयन करने वाली सर्वोच्च संस्था एमपी स्टेट बार काउंसिल चुनाव के लिए मंगलवार को यहां जबलपुर जिला कोर्ट और हाईकोर्ट में बनाए गए मतदान केंद्रों में उत्साहपूर्वक मतदान किया गया| वहीं प्रदेश के अन्य जिलों से उत्साहपूर्वक मतदान की खबर मिली है| लगभग 80 फीसदी से अधिक मतदान होने के समाचार मिले हैं| इस चुनाव में 18 पुरूष सदस्य व पांच महिला सदस्यों को मिलाकर कुल 23 सदस्य चुने जाना हैं| इन 23 पदों के लिए 98 पुरुष प्रत्याशी व 24 महिला प्रत्याशी इस तरह से कुल 122 प्रत्याशी चुनाव मैदान में अपना भाग आजमा रहे हैं। आज वोट डाले गए वोटों की गिनती एकल संक्रमण पद्धति (वरीयता क्रमानुसार) 16 जून से प्रारंभ होगी| पूरी चुनाव प्रक्रिया के दौरान निर्वाचन अधिकारी न्यायमूर्ति एसके पालो व वरिष्ठ अधिवक्ता नमन नागरथ सहित अन्य पूरी चुनाव प्रक्रिया पर नजर बनाए रहे। मतदान प्रारंभ होने के साथ ही सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक हाई कोर्ट के साउथ ब्लाक व जिला अदालत में मतदान केन्द्रों वोट डालने के लिए अधिवक्ताओं की लंबी-लंबी कतारे लगी रही। प्रदेश के लिए 87 हजार मतदाताओं के लिए पूरे प्रदेश में 250 मतदान केंद्र बनाए गए थे| सभी जगह मतदान शांतिपूर्ण तरीके से हुआ। ईएमएस / 12 मई 2026