चंडीगढ़,(ईएमएस)। कांग्रेस महासचिव कुमारी सैलजा ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला कर कहा है कि देश की जनता लगातार बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक दबाव से जूझ रही है, लेकिन मोदी सरकार समाधान प्रस्तुत करने के बजाय लोगों से बार-बार त्याग और समझौते की अपील कर रही है। उन्होंने कहा कि कभी पेट्रोल और डीज़ल का कम उपयोग करने की सलाह दी जाती है, तब कभी घरेलू खर्च सीमित रखने की। सैलजा के अनुसार, यह स्पष्ट संकेत है कि सरकार आर्थिक चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने में विफल रही है और आने वाले दिनों में जनता पर और आर्थिक बोझ पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का दायित्व जनता को राहत देना, स्थिर आर्थिक वातावरण तैयार करना और रोजगार के अवसर बढ़ाना है, न कि उन्हें और त्याग के लिए कहना। कांग्रेस पार्टी आम जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी। वहीं नीट पेपर लीक के मुद्दे पर भी कुमारी सैलजा ने केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने एनईईटी पेपर लीक को देश के लाखों युवाओं के भविष्य और उनकी मेहनत पर सीधा हमला बताया। कांग्रेस नेता सैलजा ने कहा कि जब परीक्षाएँ भ्रष्टाचार और पेपर लीक की भेंट चढ़ने लगें, तब सबसे बड़ा नुकसान गरीब और मध्यम वर्ग के उन छात्रों का होता है जो वर्षों तक कठिन परिश्रम करते हैं। उन्होंने भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्न उठाते हुए कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों ने 22 लाख से अधिक छात्रों और उनके परिवारों का भरोसा तोड़ा है। उन्होंने मांग की कि सरकार युवाओं को सुरक्षित, निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था दे। कांग्रेस पार्टी युवाओं के अधिकार और उनके भविष्य की लड़ाई मजबूती से लड़ती रहेगी। आशीष दुबे / 12 मई 2026