गुवाहाटी,(ईएमएस)। अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचे थे। जहां उन्होंने अमेरिका और असम के बीच सहयोग के नए क्षेत्रों की तलाश करने की बात कही है। गोर ने सीएम सरमा के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लिया, जिन्होंने राज्य में लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बनकर राजनीतिक इतिहास रचा है। शपथ ग्रहण समारोह के बाद, गोर ने बताया कि उन्हें इस मौके पर आमंत्रित करने पर गर्व है। उन्होंने कहा कि अमेरिका और असम के बीच पहले से ही कई वाणिज्यिक संबंध हैं, और उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सीएम सरमा के नेतृत्व में भविष्य में पारस्परिक रूप से लाभकारी कई और मौके सामने आएंगे। उन्होंने वाणिज्यिक साझेदारियों के विस्तार की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला, जिससे दोनों पक्षों को लाभ होगा। इस ऐतिहासिक मौके पर, सरमा ने मंगलवार को लगातार दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने राज्य में लगातार तीसरी बार सरकार बनाई है, और सरमा भाजपा के पहले ऐसे नेता हैं जिन्होंने राज्य में लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पद संभाला है। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित एनडीए शासित 22 राज्यों के मुख्यमंत्री और नेता उपस्थित थे। सरमा के साथ, पूर्व केंद्रीय मंत्री रामेश्वर तेली, असम गण परिषद (एजीपी) के अध्यक्ष अतुल बोरा, यूनाइटेड पीपल्स पार्टी लिबरल (यूपीपीएल) के नेता चरण बोरो और वरिष्ठ भाजपा नेता अजंता नियोग सहित चार अन्य मंत्रियों ने भी शपथ ली। प्रधानमंत्री मोदी ने शपथ लेने के बाद सरमा और मंत्रियों को बधाई दी। एनडीए नेताओं ने नई सरकार को शुभकामनाएं देकर विश्वास व्यक्त किया कि राज्य अब विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा। हाल के विधानसभा चुनावों में, एनडीए ने 126 सदस्यीय विधानसभा में रिकॉर्ड 102 सीटें जीती थीं, जिसमें भाजपा की 82 सीटें शामिल थीं। आशीष दुबे / 12 मई 2026