राज्य
12-May-2026
...


:: प्रशासनिक मुआयना : हादसों को रोकने के लिए पुलिस और एनएचएआई की संयुक्त टीम ने परखी स्थिति, दिए सुधार के निर्देश :: इंदौर (ईएमएस)। सड़क हादसों के लिए कुख्यात इंदौर-इच्छापुर रोड पर अब सुरक्षा इंतजामों को पुख्ता किया जाएगा। मार्ग पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं और यातायात संबंधी गंभीर समस्याओं को देखते हुए मंगलवार को प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने भेरूघाट एवं बायग्राम स्थित ब्लैक स्पॉट (दुर्घटना संभावित क्षेत्र) का सघन निरीक्षण किया। संयुक्त टीम ने धरातल पर उन कारणों की पड़ताल की, जिनकी वजह से यहाँ बार-बार हादसे होते हैं। यह निरीक्षण पुलिस अधीक्षक राजेंद्र कुमार वर्मा के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान टीम ने भेरूघाट और बायग्राम क्षेत्र में सड़क की बनावट, तीव्र मोड़, संकेतकों (साइन बोर्ड) की स्थिति और रात्रि में प्रकाश व्यवस्था का जायजा लिया। एसपी वर्मा ने नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) के अधिकारियों के साथ भारी वाहनों की आवाजाही और दुर्घटना संभावित मोड़ों पर तकनीकी सुधार को लेकर विस्तृत चर्चा की। निरीक्षण के दौरान उप पुलिस अधीक्षक उमाकांत चौधरी, यातायात डीएसपी निलिन सिंह और आरआई योगेंद्र सिंह भाटी सहित एनएचएआई के प्रतिनिधि अभिषेक सिंह व जितेंद्र सिंह विशेष रूप से मौजूद थे। :: सुरक्षा मानकों पर जोर, प्राथमिकता से होंगे सुधार कार्य :: पुलिस अधीक्षक ने एनएचएआई और संबंधित विभागीय अधिकारियों को दो-टूक निर्देश दिए कि दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुधार कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू किए जाएं। उन्होंने सड़क किनारे सुरक्षा बैरिकेड्स लगाने, बड़े व स्पष्ट संकेतक बोर्ड स्थापित करने और रात के समय विजिबिलिटी (दृश्यता) बढ़ाने के लिए पर्याप्त लाइटिंग सुनिश्चित करने को कहा। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि सड़क सुरक्षा से जुड़े आवश्यक बदलाव जल्द ही धरातल पर नजर आएंगे ताकि आमजन का सफर सुरक्षित और सुगम हो सके। प्रकाश/12 मई 2026