:: जनसुनवाई में अंबाचंदन के किसान को मिला विधिवत मार्गदर्शन, रिकॉर्ड दुरुस्त होते ही शुरू होगी प्रक्रिया :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर जिले के ग्राम अंबाचंदन निवासी निलेश पांचाल की भूमि सीमांकन से जुड़ी जटिल समस्या के समाधान की दिशा में जिला प्रशासन ने संवेदनशीलता के साथ कदम बढ़ाया है। मंगलवार को जनसुनवाई में कलेक्टर शिवम वर्मा के समक्ष पहुंचे निलेश को प्रशासन ने न केवल समस्या के मूल कारण से अवगत कराया, बल्कि त्वरित समाधान का भरोसा भी दिया। कलेक्टर ने प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए संबंधित एसडीएम और तहसीलदार को रिकॉर्ड सुधार की प्रक्रिया तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए हैं। प्रकरण की संवीक्षा के दौरान सीमांकन प्रक्रिया में आ रही बाधा का मुख्य कारण नक्शे की तकनीकी त्रुटि पाया गया। एसडीएम सिमरोल ने बताया कि संबंधित खसरा क्रमांक 754 में राजस्व रिकॉर्ड के अनुसार कुल 7 बटांकन दर्ज हैं, जबकि वर्तमान नक्शे में केवल 6 ही प्रदर्शित हो रहे हैं। निलेश की भूमि खसरा क्रमांक 754/4 में दर्ज है, जिसका उल्लेख नक्शे में नहीं होने के कारण सीमांकन की प्रक्रिया रुकी हुई थी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि रिकॉर्ड सुधार (इंद्राज दुरुस्ती) की प्रक्रिया पूर्ण होते ही सीमांकन की कार्रवाई प्राथमिकता से पूरी कर दी जाएगी। जनसुनवाई में पूरी प्रक्रिया समझने के बाद आवेदक निलेश पांचाल ने जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पहले उन्हें नक्शे की इस तकनीकी खराबी की जानकारी नहीं थी, जिसे अब प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है। निलेश ने यह भी साफ किया कि उनके प्रकरण को लेकर कुछ माध्यमों द्वारा गलत तरीके से भ्रामक खबरें प्रचारित की जा रही हैं, जबकि असलियत में जिला प्रशासन उनके मामले को सुलझाने के लिए लगातार सक्रिय है। उन्होंने कलेक्टर और तहसील प्रशासन के सहयोग के प्रति आभार जताया। प्रकाश/12 मई 2026