राज्य
12-May-2026
...


:: जनसुनवाई का असर : हातोद तहसील के ग्रामीणों ने की थी शिकायत, कलेक्टर के निर्देश पर तत्काल हुई कार्रवाई :: इंदौर (ईएमएस)। जिला प्रशासन की संवेदनशीलता और जनसुनवाई व्यवस्था की सार्थकता का एक प्रभावी उदाहरण मंगलवार को हातोद तहसील के ग्राम बदरखा में देखने को मिला। यहाँ लंबे समय से बंद पड़े एक पारंपरिक रास्ते को कलेक्टर शिवम वर्मा के कड़े निर्देशों के बाद प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर खुलवा दिया। रास्ता खुलने से न केवल किसानों के खेतों तक पहुंचने की बाधा दूर हुई, बल्कि ग्रामीणों के बीच व्याप्त असंतोष भी समाप्त हो गया। जनसुनवाई में पहुंचे ग्राम बदरखा के ग्रामीणों ने कलेक्टर को बताया था कि उनके खेतों तक जाने वाला पारंपरिक मार्ग अवरुद्ध कर दिया गया है। इसके चलते किसानों को अपने औजारों और ट्रैक्टरों के साथ खेतों तक पहुंचने में भारी कठिनाई हो रही थी और कृषि कार्य पूरी तरह प्रभावित हो रहे थे। ग्रामीणों की व्यथा सुनने के बाद कलेक्टर शिवम वर्मा ने मामले को गंभीरता से लिया और हातोद एसडीएम को तत्काल राजस्व दल भेजकर रास्ता बहाल कराने के निर्देश दिए। :: मौके पर पहुंचा राजस्व दल, सुशासन की दिखी झलक :: कलेक्टर के आदेश पर एसडीएम हातोद विनोद राठोर के निर्देशन में तहसीलदार गोविंद राठोर प्रशासनिक टीम और पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से रास्ते की बाधाओं को हटाया गया और मार्ग को सुचारू रूप से शुरू कराया गया। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से गदगद ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सुशासन और जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता की सराहना की। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन के इस कदम से उनकी खेती-किसानी की समस्या का स्थाई समाधान हो गया है। प्रकाश/12 मई 2026