:: 1 से 15 जून तक होगा शारीरिक परीक्षण, एथलेटिक्स, हैंडबॉल और कुश्ती के लिए होगा चयन :: इंदौर (ईएमएस)। जिले की खेल प्रतिभाओं को तराशने के लिए शासकीय राजा शंकरशाह रघुनाथशाह विशिष्ट बालक क्रीड़ा परिसर, छोटी बेटमा में बड़ा आयोजन होने जा रहा है। खेल मुख्यालय इंदौर के अंतर्गत इस परिसर में 200 सीटों पर टैलेंट सर्च के माध्यम से नवीन प्रवेश दिए जाएंगे। इसके तहत एथलेटिक्स, हैंडबॉल और कुश्ती जैसी विधाओं में उभरते खिलाड़ियों का चयन कर उन्हें प्रशिक्षित किया जाएगा। चयन की प्रक्रिया 1 जून से शुरू होकर 15 जून 2026 तक चलेगी। प्रवेश के लिए इच्छुक विद्यार्थियों को कड़े शारीरिक परीक्षण और बैटरी टेस्ट से गुजरना होगा। जनजातीय कार्य विभाग द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुसार, चयन प्रक्रिया दो समूहों में विभाजित की गई है। मिनी समूह में 11 से 14 वर्ष की आयु के विद्यार्थी (कक्षा 6वीं से 8वीं) शामिल हो सकेंगे, जबकि जूनियर वर्ग के लिए कक्षा 9वीं से 10वीं तक के विद्यार्थियों का टैलेंट सर्च के माध्यम से चयन किया जाएगा। रिक्त सीटों पर मेरिट और शारीरिक दक्षता के आधार पर ही प्रवेश दिया जाएगा। :: अधीक्षक से कर सकते हैं संपर्क :: जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त ने बताया कि टैलेंट सर्च में शामिल होने के लिए इच्छुक विद्यार्थी निर्धारित तिथियों में छोटी बेटमा स्थित क्रीड़ा परिसर में उपस्थित हो सकते हैं। अधिक जानकारी और मार्गदर्शन के लिए परिसर के अधीक्षक प्रतापसिंह बर्डे (मोबाइल नंबर- 99938-33514) से संपर्क किया जा सकता है। शासन की इस योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों के प्रतिभावान बालकों को खेल के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर के मंच उपलब्ध कराना है। प्रकाश/12 मई 2026