:: भौंडिया तालाब और गवली पलासिया सहित कई क्षेत्रों में दी दबिश, 8 प्रकरण दर्ज :: इंदौर (ईएमएस)। अवैध मदिरा के निर्माण और विक्रय के विरुद्ध जिला प्रशासन और आबकारी विभाग ने अपनी मुहिम तेज कर दी है। कलेक्टर शिवम वर्मा के आदेश पर मंगलवार को आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने महू ब क्षेत्र में बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया। इस दौरान भारी मात्रा में अवैध शराब और निर्माण सामग्री जब्त की गई। सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी के निर्देशन में हुई इस कार्यवाही से अवैध मदिरा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। नियंत्रण कक्ष प्रभारी देवेश चतुर्वेदी और उप प्रभारी मनोज अग्रवाल के मार्गदर्शन में आबकारी अमले ने महू क्षेत्र के भौंडिया तालाब, गवली पलासिया, बंजारी और भाटखेड़ी जैसे संवेदनशील इलाकों में घेराबंदी कर दबिश दी। कार्यवाही के दौरान कुल 10 स्थानों पर छापे मारे गए, जिसमें मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की विभिन्न धाराओं के तहत 8 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए। टीम ने मौके से 210 लीटर हाथ भट्टी मदिरा और करीब 1800 किलोग्राम महुआ लहान बरामद किया। लहान के सैंपल लेने के बाद शेष सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। सहायक जिला आबकारी अधिकारियों के नेतृत्व में हुई इस कार्यवाही में जब्त मदिरा और महुआ लहान का कुल अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 2 लाख 22 हजार रुपए बताया जा रहा है। इस प्रभावी कार्यवाही में आबकारी उपनिरीक्षक सुनील मालवीय, मीना माल, मीरा सिंह, त्रिअंबिका शर्मा, कृतिका द्विवेदी और जया मुजाल्दे सहित पूरे स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध मदिरा के विरुद्ध इस तरह की कड़ी कार्यवाही भविष्य में भी जारी रहेगी। प्रकाश/12 मई 2026