राज्य
12-May-2026
...


:: एमपी ट्रांसको की समीक्षा : योग्यता के अनुसार मिलेगा काम, कौशल विकास और रोटेशन पर रहेगा जोर :: इंदौर (ईएमएस)। मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) अब अपने आउटसोर्स कर्मियों के कौशल विकास और बेहतर भविष्य के लिए नई कार्ययोजना पर काम करेगी। कंपनी के प्रबंध संचालक (एमडी) सुनील तिवारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आउटसोर्स कर्मियों से उनकी शैक्षणिक योग्यता और तकनीकी दक्षता के अनुरूप कार्य लिया जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि कर्मियों की बेहतर कैरियर प्लानिंग और उनके कौशल को निखारने पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। मुख्यालय में आयोजित मानव संसाधन एवं प्रशासन विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान एमडी सुनील तिवारी ने आउटसोर्स कर्मियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने कर्मियों को अपनी उच्च शिक्षा जारी रखने और तकनीकी विशेषज्ञता बढ़ाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि एमपी ट्रांसको में कार्य का अनुभव उनके भविष्य के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने उदाहरण दिया कि यहाँ प्राप्त अनुभव के आधार पर कई कर्मियों ने अन्य प्रतिष्ठित संस्थाओं में भी बेहतर अवसर प्राप्त किए हैं। :: रोटेशन प्रणाली से मिलेगा विविध अनुभव :: प्रबंध संचालक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आउटसोर्स कर्मियों को रोटेशन के आधार पर विभिन्न प्रभागों में कार्य करने का अवसर दिया जाए। इससे उन्हें कंपनी की विविध कार्य प्रणालियों का व्यापक अनुभव मिल सकेगा। बैठक में उन्होंने कार्य संस्कृति में सुधार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और आधुनिक तकनीकों के समावेश पर भी बल दिया। :: समर्पण से करें कार्य, वरना होगा फील्ड में तबादला :: अनुशासन और कार्य के प्रति निष्ठा को लेकर एमडी ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि मुख्यालय में कार्यरत अधिकारी और कर्मचारी पूर्ण समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने सचेत किया कि यदि कार्य में लापरवाही पाई गई, तो आवश्यकतानुसार संबंधितों का स्थानांतरण फील्ड (मैदानी क्षेत्रों) में कर दिया जाएगा। बैठक में मुख्य अभियंता (एचआर) धीरेंद्र सिंह सहित अन्य वरिष्ठ विभागीय अधिकारी उपस्थित थे। प्रकाश/12 मई 2026