गांधीनगर (ईएमएस)| राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने आज गांधीनगर स्थित लोकभवन में आयोजित एक गरिमामय समारोह में सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति बिरेन वैष्णव को गुजरात राज्य के नए लोकायुक्त पद की शपथ दिलाई। इस अवसर पर राज्य सरकार और प्रशासन के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल, गुजरात विधानसभा अध्यक्ष शंकर चौधरी, उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी सहित मंत्रिमंडल के सदस्य, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी तथा विभिन्न गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। समारोह का वातावरण गरिमामय और उत्साहपूर्ण रहा। राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने नवनियुक्त लोकायुक्त को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लोकायुक्त संस्था लोकतांत्रिक व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और सुशासन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने भी न्यायमूर्ति बिरेन वैष्णव को बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके अनुभव और निष्पक्ष कार्यशैली से राज्य में सुशासन को नई मजबूती मिलेगी। न्यायमूर्ति बिरेन वैष्णव लंबे समय तक न्यायपालिका से जुड़े रहे हैं और उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण मामलों में अपनी निष्पक्ष तथा प्रभावी भूमिका निभाई है। उनके लोकायुक्त नियुक्त होने से राज्य में प्रशासनिक पारदर्शिता और जनविश्वास को और बल मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। सतीश/13 मई