- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपील को बनाया जनआंदोलन, सादगी और ईंधन बचत की अनोखी मिसाल अमरेली (ईएमएस)| मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने राजुला में आयोजित महात्मा आरोग्य मंदिर के लोकार्पण कार्यक्रम में पेट्रोल-डीजल बचत और पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक प्रेरणादायी पहल की। प्रधानमंत्री की ईंधन बचत संबंधी अपील को अमल में लाते हुए मुख्यमंत्री ने अपने सरकारी काफिले को बेहद सीमित रखा और सादगी का संदेश दिया। आमतौर पर मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान कई सरकारी वाहनों का लंबा काफिला देखने को मिलता है, लेकिन इस बार राजुला पहुंचने पर भूपेंद्र पटेल सिर्फ 2 कारों के साथ नजर आए। उन्होंने अपने काफिले से 10 से अधिक वाहनों को हटाकर ईंधन बचत का स्पष्ट संदेश दिया। सुरक्षा व्यवस्था के तहत भी केवल आवश्यक गाड़ियों को ही शामिल किया गया और अंततः सुरक्षा दल समेत मात्र 3 वाहन ही अस्पताल परिसर तक पहुंचे। राजुला के नवनिर्मित महात्मा आरोग्य मंदिर में मुख्यमंत्री का स्थानीय नेताओं और नागरिकों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। पूर्व विधायक अंबरीश डेर द्वारा स्थापित यह मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल पूरे राजुला क्षेत्र के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा, ऐसी उम्मीद जताई गई। इस अवसर पर अमरेली के सांसद भरत सुतरिया, राजुला के विधायक हीरा सोलंकी, महेश कसवाला सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भी देखने को मिला। प्रसिद्ध लोक साहित्यकार माया आहिर तथा लोकप्रिय हास्य कलाकार और वक्ता साइराम दवे की विशेष उपस्थिति ने माहौल को जीवंत बना दिया। मुख्यमंत्री की इस पहल को लेकर पूरे क्षेत्र में सकारात्मक चर्चा हो रही है। पेट्रोल-डीजल की बढ़ती खपत और पर्यावरण पर पड़ रहे दुष्प्रभावों के बीच भूपेंद्र पटेल द्वारा दिया गया यह बचत और सादगी का संदेश आम लोगों के लिए प्रेरणास्रोत बनता दिखाई दे रहा है। सतीश/13 मई