क्षेत्रीय
13-May-2026
...


बस्ती (ईएमएस)। कोतवाली थाना क्षेत्र के जिगिना निवासी संतराम पुत्र कोदईराम ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर पकरी नासिर निवासी एक व्यक्ति पर धोखे से जमीन का एग्रीमेंट कराने, रुपये मांगने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। संतराम ने एसपी को दिए शिकायती पत्र में कहा है कि वर्ष 2018 में उनकी तबीयत खराब चल रही थी, इसी दौरान पकरी नासिर थाना मुण्डेरवा निवासी सुनीत कुमार पुत्र रमेश चन्द्र उन्हें दवा कराने के बहाने रजिस्ट्री कार्यालय ले गये। आरोप है कि वहां किसी काम का बहाना बनाकर उनसे हस्ताक्षर करा लिया गया और बाद में बताया गया कि जमीन का एग्रीमेंट हो गया है। पीड़ित का कहना है कि उनसे कहा गया था कि दो वर्ष छह माह बाद रुपये दिए जाएंगे, तब जमीन लिखी जाएगी, लेकिन आज तक उन्हें कोई धनराशि नहीं दी गई और न ही जमीन लिखाने की कोई बात हुई। आरोप है कि अब विपक्षी जबरन दो लाख रुपये की मांग कर रहा है तथा रुपये न देने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है। संतराम ने यह भी आरोप लगाया कि जिस जमीन को उन्होंने बाद में किसी अन्य व्यक्ति को बेचा, उसी बैनामे में सुनीत कुमार गवाह बना था। पीड़ित का कहना है कि यदि जमीन का वास्तविक एग्रीमेंट होता तो विपक्षी उसी जमीन की बिक्री में गवाह नहीं बनता। इससे स्पष्ट होता है कि उनके साथ छल और धोखाधड़ी कर फर्जी तरीके से एग्रीमेंट कराया गया। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मामले की जांच कराते हुए आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने और अपने और परिवार के जान-माल की सुरक्षा कराने की मांग किया है। ईएमएस / 13 मई 26