मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई की मलाड पुलिस ने एक गृहिणी की शिकायत पर सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोप है कि ये लोग चमत्कार और प्रार्थना के जरिए बीमारियों को ठीक करने का दावा कर रहे थे। पुलिस ने इस मामले में महाराष्ट्र मानव बलि और अन्य अमानवीय, अघोरी प्रथा एवं काला जादू प्रतिबंध अधिनियम, 2013 के तहत एफआईआर दर्ज की है। शिकायत के अनुसार, 8 मई को कुछ महिलाएं पीड़िता के घर पहुंचीं। गृहिणी ने उन्हें बताया कि वह हाइपोथायरॉइड और हाई ब्लड प्रेशर से पीड़ित हैं। इसके बाद महिलाओं ने उन्हें 10 मई को आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने और प्रार्थना करने के लिए कहा। उनका दावा था कि इससे उनकी बीमारी ठीक हो जाएगी। 10 मई को महिला ने अपने बेटे को कार्यक्रम में भेजा। वहां उसने देखा कि कुछ लोग चमत्कार के जरिए बीमारियां ठीक करने का दावा कर रहे थे। युवक ने इसका वीडियो बनाने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो सका। इसके बाद उसने पुलिस आपातकालीन नंबर ‘100’ पर कॉल कर घटना की जानकारी दी। बहरहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। संजय/संतोष झा- १३ मई/२०२६/ईएमएस