क्षेत्रीय
13-May-2026


- उज्जैन को स्वच्छता में देश का नंबर-1 शहर बनाने हेतु निगम चला रहा जनभागीदारी आधारित व्यापक अभियान उज्जैन (ईएमएस)। सिंहस्थ 2028 में करोड़ो श्रृद्धालुओं के स्वागत हेतु उज्जैन शहर में हजारों करोड़ो के विकास एवं निर्माण कार्य मा. मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव जी मध्यप्रदेश शासन के परिकल्पना एवं मंशानुरूप किये जा रहे है। विकास एवं निर्माण कार्यो के साथ ही शहर को साफ, स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने हेतु स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 अन्तर्गत उज्जैन नगर पालिक निगम उज्जैन द्वारा महापौर श्री मुकेश टटवाल, निगम अध्यक्ष श्रीमती कलावती यादव के प्रत्यक्ष मार्गदर्शन एवं निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा के नेतृत्व में शहर को स्वच्छ, सुंदर, हरित एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने के उद्देश्य से निरंतर व्यापक स्तर पर विभिन्न गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं। नगर निगम उज्जैन का लक्ष्य उज्जैन को देश के सबसे स्वच्छ एवं आदर्श शहरों की श्रेणी में स्थापित करना है। इसके लिए शहरभर में स्वच्छता, जन-जागरूकता, सौंदर्यीकरण एवं नागरिक सहभागिता पर विशेष फोकस किया जा रहा है। नगर निगम द्वारा शहर के प्रमुख घाटों, तालाबों एवं नदी क्षेत्रों में महापौर एवं निगम अध्यक्ष के साथ ही जनसहयोग से विशेष सफाई अभियान चलाकर जल संरक्षण एवं स्वच्छता का संदेश दिया जा रहा है। “जल गंगा संवर्धन अभियान” के अंतर्गत जल स्रोतों की साफ-सफाई के साथ नागरिकों को जल संरक्षण हेतु प्रेरित किया जा रहा है। विभिन्न सामाजिक संगठनों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों की सहभागिता से श्रमदान कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से निगम द्वारा लगातार प्लास्टिक प्रतिबंध अभियान संचालित किया जा रहा है। बाजार क्षेत्रों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता अभियान, रैलियाँ एवं वाहन रैलियों के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित किया जा रहा है। स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों पर चालानी कार्रवाई भी की जा रही है, जिससे शहर में स्वच्छता व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हो सके। नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों से गंदगी के बड़े स्रोतों को हटाने हेतु विशेष ळटच् रिमूवल अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त सार्वजनिक स्थलों, प्रमुख मार्गों, चौराहों एवं दीवारों का सौंदर्यीकरण, पेंटिंग एवं थीम आधारित सजावट कर शहर की सुंदरता को नया स्वरूप दिया जा रहा है। स्वच्छता कार्य में लगे सफाई मित्रों एवं कर्मचारियों के सम्मान एवं प्रोत्साहन हेतु प्रशिक्षण कार्यशालाओं का आयोजन किया गया। साथ ही उनके स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार सुविधा के लिए स्वास्थ्य शिविर भी लगाए गए। निगम का मानना है कि स्वच्छता सैनिकों के सहयोग के बिना स्वच्छ शहर की कल्पना संभव नहीं है। “जीरो वेस्ट इवेंट” की अवधारणा को बढ़ावा देते हुए विभिन्न आयोजनों में कचरे के पृथक्करण, पुनः उपयोग एवं वैज्ञानिक निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। साथ ही शहर में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाकर हरित एवं स्वच्छ वातावरण तैयार करने का प्रयास जारी है। महापौर श्री मुकेश टटवाल, निगम अध्यक्ष श्रीमती कलावती यादव एवं निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा ने शहरवासियों से अपिल की है कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने के लिए नागरिक सहभागिता सबसे महत्वपूर्ण है। सभी शहरवासी स्वच्छता गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाएँ, कचरे का पृथक्करण करें, सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखें तथा उज्जैन को देश का सबसे स्वच्छ एवं सुंदर शहर बनाने में अपना योगदान दें। ईएमएस / 13.05.2026