वीरता और राष्ट्रभक्ति के साथ किया जा रहा नगर का विकास-नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर सीहोर (ईएमएस) । नगर में वीरता, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जी की जयंती के अवसर पर पावर हाउस चौराहे पर उनकी भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। प्रतिमा स्थापना एवं चौराहे के सौंदर्यीकरण कार्य को लेकर आज नगरपालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कहाकि नगर में विरासत, राष्ट्रभक्ति और वीरता के साथ विकास कार्य किए जा रहे है। निरीक्षण के दौरान नगरपालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि महाराणा प्रताप भारतीय इतिहास के ऐसे महानायक हैं जिन्होंने मातृभूमि, संस्कृति और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उनका जीवन संघर्ष, साहस और आत्मसम्मान की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि नगरवासियों की लंबे समय से मांग थी कि नगर के प्रमुख स्थल पर महाराणा प्रताप जी की प्रतिमा स्थापित की जाए, जिसे अब साकार किया जा रहा है। नगरपालिका अध्यक्ष श्री राठौर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार सदैव राष्ट्रनायकों, महापुरुषों और भारत की गौरवशाली संस्कृति को सम्मान देने का कार्य कर रही है। महाराणा प्रताप जी की प्रतिमा केवल एक स्मारक नहीं होगी, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगी। उन्होंने कहा कि नगर में विकास कार्यों के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक धरोहरों को संरक्षित और सम्मानित करने का कार्य भी निरंतर किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रतिमा स्थापना स्थल पर आकर्षक सौंदर्यीकरण, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाला कार्यक्रम भव्य एवं ऐतिहासिक बन सके। इस अवसर पर सीएमओ सुधीर सिंह, पार्षद मुकेश मेवाड़ा, नरेंद्र राजपूत, इंजीनियर प्राची मैडम सहित नगरपालिका के अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। विमल जैन, १३ मई, २०२६