ग्वालियर ( ईएमएस ) | देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपील से प्रेरणा लेते हुए नगर निगम ग्वालियर के सभापति मनोज तोमर ने अपने दैनिक उपयोग में डीजल एवं पेट्रोल वाहन के स्थान पर इलेक्ट्रिक स्कूटी एवं इलेक्ट्रिक चार पहिया वाहन का ही उपयोग करने का संकल्प लिया है। सभापति श्री तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से पेट्रोल-डीजल की बचत एवं ऊर्जा संरक्षण को लेकर की गई अपील अत्यंत महत्वपूर्ण एवं समयानुकूल है। वर्तमान परिस्थितियों में ईंधन की बचत केवल आर्थिक आवश्यकता ही नहीं, बल्कि एक राष्ट्रीय दायित्व भी है। इसी संदर्भ में सभापति श्री मनोज तोमर ने समस्त पार्षदगणों से अपील की है कि यदि पार्षदगण चाहे तो इस अभियान को व्यक्तिगत स्तर पर अपनाते हुए उदाहरण प्रस्तुत कर सकते है। सभापति श्री तोमर ने संकल्प लिया कि वे अपने दैनिक आवागमन एवं कार्यालयीन कार्यों में यथासंभव इलेक्ट्रिक स्कूटी एवं इलेक्ट्रिक चार पहिया वाहन का ही उपयोग करेगें। उन्होंने कहा कि अत्यंत आवश्यक एवं अपरिहार्य परिस्थितियों में जहां पब्लिक ट्रांसपोर्ट की व्यवस्था नहीं होगी तो ही डीजल वाहन का उपयोग करेगें। साथ ही ईंधन की बचत एवं पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप देने हेतु निरंतर प्रयासरत रहेगें।