सहरसा, (ईएमएस)। बिहार एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहरा थाना कांड संख्या 293/25 में वांछित एवं 5000 रुपये के इनामी अपराधी राम कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया है। एसटीएफ ने सहरसा जिले के सदर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर आरोपी को दबोचा। जानकारी के अनुसार, 24 दिसंबर 2025 को बिहरा थाना क्षेत्र के ग्राम सत्तर स्थित एक किराना दुकान पर रंगदारी की मांग की गई थी। रंगदारी नहीं देने पर अपराधियों ने दुकान पर फायरिंग की घटना को अंजाम दिया था। इस मामले में राम कुमार यादव की संलिप्तता सामने आई थी, जिसके बाद से वह फरार चल रहा था। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अपराधी के खिलाफ सहरसा जिले के बिहरा थाना में रंगदारी, हत्या के प्रयास तथा आर्म्स एक्ट से संबंधित कुल तीन मामले दर्ज हैं। लंबे समय से उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही थी। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके अन्य आपराधिक नेटवर्क और सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है। संतोष झा- १३ मई/२०२६/ईएमएस