कंटगी रोड स्थित विजय नगर कॉलोनी में डम्प की गई थी रेत बालाघाट (ईएमएस). जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस का सख्त अभियान जारी है। इसी कड़ी में वारासिवनी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को जप्त किया है। साथ ही मौके पर डम्प की गई करीब 100 ट्रॉली रेत भी जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। वारासिवनी पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि कंटगी रोड स्थित विजय नगर कॉलोनी के एक प्लॉट पर अवैध रूप से रेत डम्प की गई है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां डम्प की गई रेत को ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से परिवहन किया जा रहा था। पुलिस ने मौके से ट्रैक्टर-ट्रॉली क्रमांक एमपी 50 एए 2619 को जब्त किया है। वहीं चालक को अभिरक्षा में ले लिया। जांच के दौरान प्लॉट पर अवैध रूप से डम्प की गई लगभग 100 ट्रॉली रेत भी जप्त की गई। पुलिस ने आरोपी युवराज बाहेश्वर उम्र 26 वर्ष निवासी खण्डवा थाना वारासिवनी को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में थाना वारासिवनी में धारा 303(2), 317(5) बीएनएस एवं 21/4 खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 तथा 53(1) म.प्र. गौण खनिज अधिनियम 1996 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। भानेश साकुरे / 13 मई 2026