लांजी के आमगांव रोड कटंगी में देर रात हुआ हादसा बालाघाट (ईएमएस). जिले में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सडक़ हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा लांजी थाना क्षेत्र के आमगांव रोड, कटंगी में उस समय हुआ, जब युवक की बाइक सडक़ पर खड़े एक डेकोरेशन वाहन से जा टकराई। मृतक की पहचान नीमटोला निवासी विजय पिता राधेश्याम वाकड़े 25 वर्ष के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि विजय मंगलवार दोपहर अपने एक परिचित को आमगांव छोडऩे गया था और देर रात वापस लौटते समय हादसे का शिकार हो गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मनोज मिनी ट्रांसपोर्ट देवलगांव का डेकोरेशन वाहन (क्रमांक एमएच 35 एजे 0209) सडक़ पर खड़ा था। वाहन में डेकोरेशन का सामान भरा हुआ था, लेकिन उसमें किसी प्रकार का संकेतक या चेतावनी चिन्ह नहीं लगाया गया था। अंधेरे के कारण बाइक सवार विजय वाहन को देख नहीं पाया और उसकी बाइक क्रमांक एमपी 50 जेडएफ 9624 सीधे वाहन के पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि विजय की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और लांजी पुलिस मौके पर पहुंची। हादसे के बाद वहां स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। कुछ आक्रोशित लोगों ने डेकोरेशन वाहन में हल्की तोडफ़ोड़ भी की। पुलिस ने वाहन को जब्त कर थाने में खड़ा करा दिया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल लांजी भेजा गया, जहां शव का पीएम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। यह हादसा एक बार फिर सडक़ पर खड़े बिना संकेतक वाहनों की लापरवाही को उजागर करता है, जो अंधेरे में किसी भी राहगीर के लिए जानलेवा साबित हो सकती है। भानेश साकुरे / 13 मई 2026