बालाघाट (ईएमएस). जिले के लांजी थाना क्षेत्र अंतर्गत कदमटोला में मंगलवार रात एक सडक़ हादसे में मामा-भांजा गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा रात करीब 9.30 से 10 बजे के बीच उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर पीछे बैठे बसंत पिता नर्मदा पंद्रे 55 वर्ष को गंभीर चोटें आई हैं। उनके बाएं पैर के घुटने के पास की हड्डी चमड़ी को फाड़ते हुए बाहर निकल गई, जिससे उनकी हालत बेहद गंभीर हो गई। वहीं बाइक चला रहे उनके नाबालिग भांजे समीर पिता विजय पालेवार को भी चोटें आई हैं। घटना के बाद दोनों घायलों को एम्बुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल लांजी लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद बसंत पंद्रे की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए महाराष्ट्र के गोंदिया रेफर किया गया है। समीर पालेवार का इलाज लांजी सिविल अस्पताल में जारी है। जानकारी के अनुसार, बसंत पंद्रे अपने भांजे समीर के साथ टेमनी से चिखलामाली एक विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। सूचना मिलने पर लांजी पुलिस भी सिविल अस्पताल पहुंची। पुलिस के अनुसार, घायलों का इलाज जारी है। फिलहाल पुलिस ने मामले को जांच में लिया है। भानेश साकुरे / 13 मई 2026