वाणिज्य में मीनल तो विज्ञान संकाय में हिमानी रही प्रथम बालाघाट (ईएमएस). पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बालाघाट का कक्षा बारहवीं का परीक्षा परिणाम उत्कृष्ट रहा। विद्यालय के प्राचार्य अरुण कुमार तुमसरे ने बताया कि विद्यालय के वाणिज्य संकाय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत दर्ज किया गया है, वाणिज्य संकाय में इस वर्ष कुल 27 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी और सभी विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट अंकों के साथ सफलता प्राप्त की। वहीं विज्ञान संकाय में 33 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें से 31 विद्यार्थी सफल रहे तथा 2 विद्यार्थियों को पूरक प्राप्त हुई। विद्यालय का कुल परीक्षा परिणाम 97 प्रतिशत रहा। सभी उत्तीर्ण विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में सफलता प्राप्त की। वाणिज्य संकाय में मीनल अग्रवाल ने 96.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। मास्टर पलाश खोंगल ने 96.4 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय तथा रिया कांकरिया ने 93.8 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार विज्ञान संकाय में हिमानी हरिनखेरे ने 93.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। मास्टर केशव नंदन बघेल ने 90.2 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय एवं रागिनी गौतम ने 89 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय स्थान हासिल किया। विद्यालय प्राचार्य एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों, अभिभावकों तथा विद्यालय परिवार को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। भानेश साकुरे / 13 मई 2026