क्षेत्रीय
13-May-2026
...


बालाघाट (ईएमएस). राष्ट्रीय कैडेट कोर के दस दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर सीएटीसी-95 का समापन 13 मई को बालाघाट के गोंगलई स्थित शासकीय कन्या शिक्षा परिसर में उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। शिविर में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 439 कैडेटों ने सहभागिता की। शिविर के सफल आयोजन में कलेक्टर मृणाल मीना, सहायक आयुक्त शकुन्तला डामोर तथा शासकीय कन्या शिक्षा परिसर, गोंगलई के प्राचार्य का विशेष सहयोग रहा। कैडेटों के लिए दस दिनों तक परिसर उपलब्ध कराया गया। समापन अवसर पर शिविर संचालक विनीत कमल गुप्ता ने कैडेटों को एकता एवं अनुशासन का महत्व बताते हुए जीवन में इसे अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय कैडेट कोर युवाओं में नेतृत्व क्षमता, चरित्र निर्माण, अनुशासन तथा धर्मनिरपेक्ष दृष्टिकोण का विकास करता है, जिससे उनमें राष्ट्रसेवा की भावना मजबूत होती है। शिविर के दौरान पुलिस विभाग द्वारा कैडेटों के लिए वाहन एवं निशानेबाजी प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई। प्रतिदिन योग साधना का आयोजन तनु काटेकर द्वारा कराया गया। साथ ही विभिन्न विषयों पर विशेष मार्गदर्शन सत्र आयोजित हुए, जिनमें राज्य आपदा मोचन बल द्वारा आपदा प्रबंधन, जबलपुर सेना भर्ती कार्यालय द्वारा सेना भर्ती प्रक्रिया, परमाणु ऊर्जा संबंधी जानकारी, बैंकिंग व्यवस्था तथा प्राथमिक उपचार जैसे विषय शामिल रहे। शिविर में कटंगी, वारासिवनी, बिरसा, बैहर, मलाजखंड तथा बालाघाट क्षेत्र के कैडेटों ने सहभागिता की। शिविर को सफल बनाने में मेजर हेमंत कुमार मंडाले, राजेन्द्र सिंह कुसराम, गजानन कटरे, श्रवण बोदेले, कल्पना थोंबरे, धीरेंद्र दत्त आर्या, सूबेदार तरसेम सिंह सहित अन्य अधिकारियों एवं जवानों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। भानेश साकुरे / 13 मई 2026