क्षेत्रीय
13-May-2026
...


- बस स्टैंड के एकमात्र पंप पर 100 रुपए तक सीमित बिक्री - लंबी कतारों में जूझ रहे वाहन चालक बालाघाट (ईएमएस). मिडिल-ईस्ट में बढ़ते तनाव का असर अब सीधे बालाघाट जिले में दिखाई देने लगा है। पेट्रोलियम आपूर्ति प्रभावित होने से शहर में पेट्रोल की किल्लत गहरा गई है। हालात यह हैं कि नगर के आधे से अधिक पेट्रोल पंप बंद हो चुके हैं और कुछेक पंपों पर ही सीमित मात्रा में ईंधन मिल पा रहा है। बालाघाट शहर मुख्यालय में पेट्रोल संकट लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार को स्थिति और गंभीर हो गई, जब अधिकांश पेट्रोल पंपों पर ‘नो स्टॉक’ के बोर्ड नजर आए। शहर के बस स्टैंड स्थित एकमात्र पेट्रोल पंप पर ही ईंधन का वितरण किया जा रहा है, वह भी सीमित मात्रा में। इस पंप पर प्रत्येक वाहन चालक को केवल 100 रुपए का ही पेट्रोल दिया जा रहा है, जिससे ज्यादा से ज्यादा लोगों को थोड़ी-बहुत राहत मिल सके। लेकिन मांग के मुकाबले आपूर्ति बेहद कम होने के कारण यहां सुबह से ही वाहन चालकों की लंबी कतार लग गई। पेट्रोल की कमी के चलते लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। कई वाहन चालकों को बिना पेट्रोल लिए ही लौटना पड़ रहा है, जिससे दैनिक कामकाज भी प्रभावित हो रहा है। और गहरा सकता है संकट जानकारों के मुताबिक, मिडिल-ईस्ट में चल रहे तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पेट्रोलियम सप्लाई प्रभावित हुई है, जिसका असर अब स्थानीय स्तर पर भी देखने को मिल रहा है। यदि जल्द ही आपूर्ति सामान्य नहीं हुई, तो आने वाले दिनों में हालात और बिगड़ सकते हैं। प्रशासन और पेट्रोल पंप संचालकों पर अब लोगों की नजरें टिकी हैं कि वे इस संकट से निपटने के लिए क्या कदम उठाते हैं। शहर में समस्या, बाहर आपूर्ति पेट्रोल की शहर मुख्यालय में ज्यादा समस्या बनी हुई। शहर से बाहर के पेट्रोल पंपों में से कुछेक ईधन प्रदान किया जा रहा है। वारासिवनी, कायदी, गर्रा, नवेगांव सहित अन्य स्थानों पर भी अधिकांश पंपों से पेट्रोल की आपूर्ति नहीं हो रही है, जिसके कारण वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बताया गया है कि कंपनियों से पेट्रोलियम पदार्थों की गाड़ी दो-तीन दिन में एक बार रवाना की जा रही है, जिसके कारण यह समस्या उत्पन्न हो गई है। भानेश साकुरे / 13 मई 2026