क्षेत्रीय
13-May-2026
...


- भोपाल पहुंचकर छात्रों ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी से लगाई गुहार - एसएम देव होम्योपैथी मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल के 30 से अधिक छात्रों का मामला बालाघाट (ईएमएस). सरदार पटेल कॉलेज अंतर्गत संचालित एसएम देव होम्योपैथी मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल के बीएचएमस पाठ्यक्रम के 30 से अधिक छात्र-छात्राओं को परमानेंट रजिस्ट्रेशन नहीं मिलने से उनका भविष्य अधर में लटक गया है। इस समस्या को लेकर विद्यार्थियों का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को भोपाल पहुंचा और मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र ‘जीतू’ पटवारी से मुलाकात कर अपनी पीड़ा बताई। विद्यार्थियों ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2017-18 में बीएचएमस पाठ्यक्रम में विधिवत प्रवेश लिया था। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत हर वर्ष परीक्षाएं दीं और सफलतापूर्वक उत्तीर्ण भी हुए। पढ़ाई पूरी होने के बाद उन्हें डिग्री और प्रोविजनल रजिस्ट्रेशन भी प्रदान कर दिया गया, लेकिन हैरानी की बात यह है कि पिछले लगभग 2 से 2.5 वर्षों से उन्हें परमानेंट रजिस्ट्रेशन नहीं मिल पाया है। छात्रों का कहना है कि रजिस्ट्रेशन के अभाव में वे न तो स्वतंत्र रूप से प्रैक्टिस कर पा रहे हैं और न ही किसी संस्थान में स्थायी रूप से कार्य कर पा रहे हैं। इससे उन्हें मानसिक तनाव के साथ-साथ आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। उनका पेशेवर भविष्य भी लगातार प्रभावित हो रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए आयुष विभाग के प्रमुख सचिव शोभित जैन से मुलाकात की और समस्या के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि छात्रों के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और जल्द ही इस विषय में सकारात्मक समाधान निकाला जाएगा। छात्रों को अब प्रशासनिक स्तर पर त्वरित कार्रवाई की उम्मीद है, ताकि वर्षों की मेहनत के बाद उनका डॉक्टर बनने का सपना साकार हो सके। भानेश साकुरे / 13 मई 2026