ज़रा हटके
14-May-2026
...


ब्राजिलीया (ईएमएस)। ब्राजील एक बेहद अनोखा मामला प्रकाश में आया है जिसने दुनिया भर के लोगों को हैरान कर दिया। ब्राजील की एक युवती ने एक ही समय में दो अलग-अलग पुरुषों से संबंध बनाए। इसी युवती ने बाद में दो जुड़वां बच्चों को जन्म दिया। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि दोनों बच्चों के पिता अलग-अलग निकले। मामले का खुलासा तब हुआ जब युवती ने एक व्यक्ति को बच्चों का पिता मानते हुए डीएनए टेस्ट करवाया। जांच रिपोर्ट में सामने आया कि उसका डीएनए केवल एक बच्चे से मेल खा रहा था, जबकि दूसरे बच्चे से उसका कोई जैविक संबंध नहीं था। रिपोर्ट देखकर युवती भी हैरान रह गई। बाद में उसे याद आया कि उसी दौरान उसने दूसरे पुरुष के साथ भी संबंध बनाए थे। इसके बाद दूसरे व्यक्ति का डीएनए टेस्ट कराया गया, जिसमें पता चला कि दूसरा बच्चा उसी का है। मेडिकल साइंस में इस दुर्लभ स्थिति को “हेटरोपेटरनल सुपरफेकंडेशन” कहा जाता है। इसका मतलब है कि एक महिला के शरीर में एक ही मासिक चक्र के दौरान दो अंडे रिलीज होते हैं और वे अलग-अलग पुरुषों के शुक्राणुओं से निषेचित हो जाते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार इंसानों में ऐसा होना बेहद कम देखने को मिलता है। दुनिया भर में अब तक ऐसे लगभग 20 मामले ही आधिकारिक रूप से दर्ज किए गए हैं। डॉक्टरों का कहना है कि सामान्य तौर पर महिलाओं में एक मासिक चक्र के दौरान एक ही अंडा निकलता है, लेकिन कुछ स्थितियों में दो या अधिक अंडे भी रिलीज हो सकते हैं। यदि उसी समय अलग-अलग पुरुषों से संबंध बनते हैं तो दोनों अंडों का निषेचन अलग-अलग शुक्राणुओं से संभव हो जाता है। यही कारण है कि जुड़वां बच्चों के पिता अलग-अलग हो सकते हैं। विशेषज्ञों ने बताया कि इस मामले में दोनों बच्चे अलग-अलग प्लेसेंटा में विकसित हुए और जैविक रूप से वे “हाफ-सिब्लिंग” यानी सौतेले भाई-बहन माने जाएंगे, क्योंकि उनकी मां एक ही है लेकिन पिता अलग-अलग हैं। घटना सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोग इसे मेडिकल चमत्कार बता रहे हैं, जबकि कुछ इसे रिश्तों और जिम्मेदारी से जोड़कर देख रहे हैं। फिलहाल यह मामला कानूनी चर्चा में भी आ गया है, क्योंकि दोनों बच्चों की जिम्मेदारी तय करने के लिए अदालत का सहारा लिया जा सकता है। सुदामा/ईएमएस 14 मई 2026