बक्सर, (ईएमएस)। बिहार के बक्सर जिले में साइबर ठगों ने एक चौंकाने वाली घटना को अंजाम देते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश काजल झांब की तस्वीर का इस्तेमाल कर फर्जी व्हाट्सऐप प्रोफाइल बना ली। इसके जरिए ठगों ने वकीलों और न्यायालय कर्मियों से रुपये ऐंठने की कोशिश की। मामले का खुलासा होने के बाद साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार, कई अधिवक्ताओं और न्यायिक कर्मचारियों के मोबाइल पर सोमवार शाम व्हाट्सऐप संदेश आए। संदेश भेजने वाले नंबर पर थाईलैंड का कंट्री कोड “+66” लगा हुआ था। ठगों ने खुद को प्रधान जिला जज बताते हुए तत्काल आर्थिक मदद की मांग की। कुछ लोगों से तुरंत 50 हजार रुपये ट्रांसफर करने के लिए कहा गया। कोर्ट प्रशासन के प्रभारी राजीव कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि मामले की जानकारी मिलते ही इसकी शिकायत साइबर थाना में दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है। जिला बार एसोसिएशन के महासचिव बिंदेश्वरी पांडेय ने कहा कि उन्हें भी ऐसा ही संदेश प्राप्त हुआ था। संदेश पर संदेह होने के बाद उन्होंने तुरंत प्रधान जिला जज को इसकी सूचना दी, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। इधर, साइबर क्राइम डीएसपी अविनाश कश्यप ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। साइबर अपराधियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने और पूरे गिरोह का पर्दाफाश करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान नंबर से पैसे मांगने वाले संदेश पर भरोसा न करें और पहले उसकी पुष्टि अवश्य करें। संतोष झा- १४ मई/२०२६/ईएमएस