- पीएम मोदी की अपील का दिखा असर रांची (ईएमएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ईंधन संरक्षण और सादगी को लेकर की गई अपील का झारखंड में बड़ा सकारात्मक असर देखने को मिल रहा है। राज्य के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने इस दिशा में एक अनुकरणीय उदाहरण पेश करते हुए अपने सुरक्षा काफिले (कारकेड) की गाड़ियों की संख्या को घटाकर आधा कर दिया है। राजभवन द्वारा जारी नए निर्देशों के अनुसार, अब राज्यपाल के किसी भी दौरे या मूवमेंट के दौरान उनके साथ 8 के बजाय केवल 4 गाड़ियाँ ही चलेंगी। सुरक्षा और प्रोटोकॉल के तय मानकों में किया गया यह बदलाव न केवल प्रतीकात्मक है, बल्कि यह सरकारी संसाधनों के संयमित उपयोग का एक बड़ा संदेश भी देता है। राज्यपाल के इस फैसले से होने वाली बचत का गणित काफी प्रभावी है। अनुमान के मुताबिक, एक सरकारी गाड़ी औसतन 10 से 12 किलोमीटर प्रति लीटर का माइलेज देती है। राज्यपाल के रोज के औसत 30 किलोमीटर के मूवमेंट को देखा जाए, तो काफिले से 4 गाड़ियाँ कम होने से प्रतिदिन लगभग 120 किलोमीटर की यात्रा घटेगी। इससे रोजाना करीब 12 लीटर ईंधन की बचत होगी, जो महीने भर में लगभग 360 लीटर तक पहुँचती है। इस प्रकार, राजभवन हर महीने लगभग 36,000 रुपये के ईंधन खर्च की सीधी बचत करेगा। राज्यपाल की इस पहल को प्रशासनिक हल्कों में काफी सराहा जा रहा है, क्योंकि यह फिजूलखर्ची रोकने और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक ठोस कदम माना जा रहा है। रामयश/ईएमएस 14 मई 2026