राज्य
14-May-2026


- कई घायल, जनजीवन अस्त-व्यस्त पलामू (ईएमएस)। झारखंड के पलामू जिले में भीषण आंधी-तूफान और बारिश ने भारी तबाही मचाई है। मौसम के इस रौद्र रूप के कारण जिले में दो अलग-अलग हादसों में दो लोगों की जान चली गई। पहली हृदयविदारक घटना हैदरनगर थाना क्षेत्र के मरघटिया के पास हुई, जहाँ एक विशाल पीपल का पेड़ सड़क से गुजर रहे बाइक सवारों पर गिर गया। इस दुर्घटना में बिहार के औरंगाबाद निवासी 50 वर्षीय कामदेव चंद्रवंशी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके रिश्तेदार अनिल चंद्रवंशी गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि दोनों इलाज कराकर घर लौट रहे थे, तभी अचानक आए तेज तूफान ने पेड़ को जड़ से उखाड़ दिया। घायल अनिल को इलाज के लिए एमएमसीएच मेदिनीनगर में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। वहीं, दूसरी दर्दनाक घटना लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के नौडीहा गांव में घटी। यहाँ एक बारात में डीजे साउंड सिस्टम पहुँचाने जा रहे 18 वर्षीय युवक पप्पू कुमार की पेड़ की चपेट में आने से मौत हो गई। तेज आंधी के बीच अचानक एक पेड़ पप्पू पर गिर गया, जिससे वह उसके नीचे दब गया। ग्रामीणों ने आनन-फानन में जेसीबी मशीन बुलाकर उसे बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक पप्पू ने दम तोड़ दिया था। इन घटनाओं से पलामू के प्रभावित क्षेत्रों में मातम पसरा हुआ है। आंधी-पानी के कारण जिले के कई हिस्सों में बिजली के खंभे और पेड़ उखड़ने से घंटों तक यातायात और बिजली आपूर्ति बाधित रही। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। रामयश/ईएमएस 14 मई 2026