मुंबई, (ईएमएस)। वैश्विक ईंधन संकट और बढ़ती महंगाई के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों को दिए गए मितव्ययिता और ईंधन बचत के संदेश को अमल में लाते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को एक अनोखी पहल की। मुख्यमंत्री आलिशान सरकारी गाड़ियों का काफिला छोड़कर सीधे ‘रॉयल एनफील्ड 350’ बुलेट मोटरसाइकिल चलाते हुए विधानभवन पहुंचे। उनके इस कदम की राजनीतिक गलियारों से लेकर आम नागरिकों के बीच व्यापक चर्चा हो रही है। मुख्यमंत्री के साथ सांस्कृतिक कार्य मंत्री आशीष शेलार भी बाइक पर विधानभवन पहुंचे। खास बात यह रही कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी और सुरक्षाकर्मी भी इस दौरान कारों के बजाय मोटरसाइकिलों पर नजर आए। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद मुख्यमंत्री फडणवीस ने हेलमेट पहनकर और यातायात नियमों का पालन करते हुए यह सफर पूरा किया। आपको बता दें कि हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से ईंधन बचाने और फिजूलखर्ची कम करने की अपील की थी। इसी अपील को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री फडणवीस ने यह कदम उठाया। मंत्रिमंडल की बैठक में शामिल होने के लिए जाते समय उन्होंने सरकारी गाड़ियों के लंबे काफिले का उपयोग नहीं किया और स्वयं बुलेट चलाकर मंत्रालय पहुंचे। उनके पीछे भाजपा नेता आशिष शेलार बैठे दिखाई दिए। मुख्यमंत्री की इस पहल के साथ राज्य सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर भी कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। मंत्रियों के काफिले में शामिल वाहनों की संख्या आधी करने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों के अनावश्यक विदेश दौरों पर तत्काल रोक लगाने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। बहरहाल जहाँ आज के दौर में कई नेता और जनप्रतिनिधि महंगी और लग्जरी गाड़ियों का उपयोग करते हैं, वहीं मुख्यमंत्री फडणवीस ने साधारण तरीके से यात्रा कर सादगी और जिम्मेदारी का संदेश देने की कोशिश की है। माना जा रहा है कि उनके इस कदम से आम लोगों में ईंधन बचत, पर्यावरण संरक्षण और कठिन वैश्विक परिस्थितियों में जिम्मेदारी से व्यवहार करने का सकारात्मक संदेश जाएगा। संजय/संतोष झा- १४ मई/२०२६/ईएमएस