राज्य
14-May-2026


- 16 मई से अब लू का खतरा - बरेली में टिन शेड समेत हवा में करीब 50 फीट ऊपर उछाला युवक लखनऊ (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश में कुदरत का कहर भारी तबाही लेकर आया है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों में आंधी-तूफान और भारी बारिश के कारण कम से कम 94 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस प्राकृतिक आपदा का सबसे भीषण असर प्रयागराज और भदोही में देखने को मिला, जहां 17-17 लोगों ने अपनी जान गंवाई। वहीं मिर्जापुर में बिजली गिरने और आंधी से 15 लोगों की मौत हुई। फतेहपुर, बदायूं, प्रतापगढ़ और बरेली में भी जनहानि की खबरें हैं। बरेली में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई, जहां 90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं ने एक 50 वर्षीय व्यक्ति को टिन शेड समेत हवा में करीब 50 फीट ऊपर उछाल दिया। वह करीब 100 मीटर दूर जाकर गिरा, हालांकि प्राथमिक उपचार के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। मौसम के इस रौद्र रूप ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। बाराबंकी, सीतापुर और देवरिया जैसे जिलों के लगभग 2000 गांवों में बिजली गुल है। एक दिन पहले गाजियाबाद और अयोध्या समेत 30 जिलों में हुई बारिश और ओलावृष्टि से पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए। मौसम विभाग के अनुसार, हालांकि गुरुवार को कुछ राहत है, लेकिन अभी भी 51 जिलों में अलर्ट जारी है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि 16 मई से बुंदेलखंड और दक्षिणी जिलों में लू का प्रकोप शुरू हो सकता है। रामयश/ईएमएस 14 मई 2026