- बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से झुलसे - ट्रक चालक ने कूदकर अपनी जान बचाई पीलीभीत (ईएमएस)। पीलीभीत-बस्ती राष्ट्रीय राजमार्ग पर आधी रात एक रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा पेश आया। राजापुर चौकी क्षेत्र के पास एक ट्रक, बस और बाइक के बीच हुई जबरदस्त टक्कर ने देखते ही देखते विकराल अग्निकांड का रूप ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों वाहन आग के गोले में तब्दील हो गए और आसमान में धुएं का गुबार छा गया। इस हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि ट्रक चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए कूदकर अपनी जान बचा ली। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब राजापुर चौकी के पास एक ट्रक मोड़ काट रहा था। उसी दौरान सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बस ट्रक से जा टकराई। हालात तब और बिगड़ गए जब पीछे से आ रहे बाइक सवार भी खुद को नियंत्रित नहीं कर पाए और ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसे। टक्कर के कुछ ही पलों के भीतर बाइक में लगी आग ने बस और ट्रक को भी अपनी चपेट में ले लिया। हाईवे पर धधकती लपटों को देख राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों में दहशत फैल गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस बल और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। अग्निशमन दल को आग पर काबू पाने में करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत करनी पड़ी, लेकिन तब तक तीनों वाहन पूरी तरह जलकर राख हो चुके थे। पुलिस ने घायल बाइक सवारों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। शहर कोतवाल राजेश सिंह ने बताया कि ट्रक चालक सुरक्षित है और पुलिस हादसे के कारणों की गहनता से जांच कर रही है। देर रात हुए इस भीषण हादसे की वजह से हाईवे पर घंटों तक यातायात बाधित रहा, जिसे क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाने के बाद सुचारु कराया जा सका। रामयश/ईएमएस 14 मई 2026