राज्य
14-May-2026


पटना, (ईएमएस)। गुरुवार सुबह राष्ट्रीय जनता दल के नेता और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पटना सिविल कोर्ट पहुंचे, जहां एमपी-एमएलए कोर्ट में दर्ज एक पुराने धरना-प्रदर्शन मामले में उनकी पेशी हुई। अदालत में पेश होने के बाद कोर्ट ने उन्हें तत्काल जमानत दे दी। इस दौरान कोर्ट परिसर में राजद समर्थकों और कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ देखी गई। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए परिसर में पुलिस बल भी तैनात रहा। जानकारी के अनुसार यह मामला कोरोना काल के दौरान हुए एक धरना-प्रदर्शन से जुड़ा है। उस समय विपक्ष की ओर से सरकार और प्रशासन के खिलाफ विभिन्न जन समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया गया था। इसी प्रदर्शन के दौरान तेजस्वी यादव समेत कई नेताओं पर मामला दर्ज किया गया था। गुरुवार को इसी मामले में उन्हें अदालत में पेश होना था। कोर्ट से बाहर निकलने के बाद मीडिया से बातचीत में तेजस्वी यादव ने कहा कि यह मामला पूरी तरह लोकतांत्रिक धरना-प्रदर्शन से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को लेकर उन्होंने और उनके साथियों ने आवाज उठाई थी, जिसके कारण उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता के मुद्दों को उठाना विपक्ष की जिम्मेदारी है और वे आगे भी ऐसा करते रहेंगे। तेजस्वी यादव ने कहा, “हम लोगों ने धरना-प्रदर्शन किया था। इसी मामले में हमारे खिलाफ केस दर्ज हुआ था। आज कोर्ट में पेशी थी और अदालत ने हमें जमानत दे दी है। कोर्ट और न्यायपालिका पर हमारी आस्था पहले भी रही है और आगे भी रहेगी।” उन्होंने आगे कहा कि विपक्ष हमेशा जनता की समस्याओं को उठाता रहेगा और सरकार को घेरने का काम जारी रहेगा। उन्होंने साफ कहा कि अगर भविष्य में भी जनता से जुड़े मुद्दे सामने आएंगे तो वे आंदोलन और प्रदर्शन से पीछे नहीं हटेंगे। संतोष झा- १४ मई/२०२६/ईएमएस